• Fri. Sep 20th, 2024

    Karthikeya 2 Box Office: भगवान कृष्ण से जुड़े हैं ‘कार्तिकेय 2’ के तार, जन्माष्टमी पर शोज की संख्या हुई 3 हजार

    नई दिल्ली, जेएनएन। तेलुगु भाषा की फिल्म कार्तिकेय 2 का क्रेज हिंदी बेल्ट में बढ़ता जा रहा है और इसे देखते हुए सिनेमाघरों में इसके शोज बढ़ा दिये गये हैं। कार्तिकेय 2 एडवेंचर फिल्म है, जिसके तार भगवान कृष्ण के द्वापर युग से जुड़े हुए हैं। ऐसे में कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर इस फिल्म को अधिक दर्शक मिलने की सम्भावना को देखते हुए शोज बढ़ाने का कदम उठाया गया है। फिल्म के लीड एक्टर निखिल सिद्धार्थ ने इसकी जानकारी साझा की है और हिंदी दर्शकों के बीच फिल्म की सफलता पर खुशी जाहिर की।

    पिछले हफ्ते लाल सिंह चड्ढा और रक्षा बंधन जैसी बड़ी फिल्मों के बीच खामोशी के साथ कार्तिकेय 2 के हिंदी वर्जन को लगभग 50 स्क्रींस पर उतारा गया था। ओपनिंग वीकेंड में ही फिल्म के कलेक्शंस में 300 फीसदी के उछाल को देखते हुए इसकी स्क्रींस बढ़ा दी गयीं और छह दिनों बाद फिल्म हिंदी बेल्ट में अब 1000 स्क्रींस पर दिखायी जा रही है। फिल्म के फिलहाल 3000 के आस-पास शोज सिनेमाघरों में चल रहे हैं। निखिल ने इस जानकारी के साथ दर्शकों से अपील की कि इस वीकेंड वो थिएटर्स में आकर फिल्म सेलिब्रेट करें। 

    हिंदी वर्जन को पहले हफ्ते में मिले 5.75 करोड़

    पिछले शनिवार को कार्तिकेय 2 हिंदी बेल्ट में महज 7 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। रविवार को यह रकम पढ़कर 28 लाख हो गयी और सोमवार को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी पर फिल्म ने 1.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। मंगलवार को फिल्म के कलेक्शंस 1.28 करोड़ रहे। बुधवार को फिल्म ने 1.38 करोड़ और गुरुवार को 1.64 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसे मिलाकर कार्तिकेय 2 का हिंदी बेल्ट में नेट कलेक्शन 5.75 करोड़ हो चुका है। यह कलेक्शन फिल्म की स्वीकार्यता को दर्शाता है। अब फिल्म के लिए यह वीकेंड काफी अहम हो गया और बड़े बिजनेस की उम्मीद की जा रही है। 

    हिंदी पट्टी में कार्तिकेय 2 को लाल सिंह चड्ढा और रक्षा बंधन की विफलताओं का फायदा मिला है। सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखने वाले दर्शकों को एक अतिरिक्त विकल्प मिला।

    Share With Your Friends If you Loved it!