• Fri. Sep 20th, 2024

    जी-20 लोगो का कमल इस कठिन समय में आशा का प्रतीक है: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत की जी-20 समूह की आगामी अध्यक्षता देश की आजादी के 75वें वर्ष में गौरव की बात है और देश के लिए एक महान अवसर है। प्रधानमंत्री ने एक ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान भारत की जी-20 की अध्यक्षता के लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण करने के बाद यह टिप्पणी की। भारत एक दिसंबर को मौजूदा अध्यक्ष इंडोनेशिया से इस शक्तिशाली समूह की अध्यक्षता ग्रहण करेगा। 20 देशों का समूह यानी जी-20 दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का अंतर- सरकारी मंच है। मोदी ने अपने संबोधन में भारत की विकास यात्रा को रेखांकित किया और कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत को आगे ले जाने में सभी सरकारों और लोगों ने अपने-अपने तरीके से योगदान किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया को दिखा सकता है कि जब लोकतंत्र संस्कृति बन जाता है तो संघर्ष का दायरा खत्म हो सकता है।

    प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सतत विकास पर जोर देते हुए प्रगति और प्रकृति एक साथ चल सकती हैं। उन्होंने समूह की आगामी अध्यक्षता के संबंध में कहा, ‘यह सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है, यह सभी भारतीयों के लिए और अधिक गौरव लाएगा।’

    जी-20 के लोगों में ‘कमल’ क्‍यों है?

    पीएम मोदी ने कहा कि ‘G-20 का ये लोगो केवल एक प्रतीक चिन्ह नहीं है.. ये एक संदेश है, ये एक भावना है, जो हमारी रगों में है। ये एक संकल्प है जो हमारी सोच में शामिल रहा है। इस लोगो और थीम के जरिए हमने एक संदेश दिया है। उन्‍होंने कहा कि ‘युद्ध से मुक्ति के लिए बुद्ध के जो संदेश हैं हिंसा के प्रतिरोध में महात्मा गांधी के जो समाधान हैं। G20 के जरिए भारत उनकी वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊर्जा दे रहा है।

    Share With Your Friends If you Loved it!