• Thu. Sep 19th, 2024

    पी टी उषा समेत 4 हस्तियां राज्यसभा के लिए मनोनीत

    केंद्र सरकार ने पूर्व ओलंपिक ट्रैक एंड फील्ड एथलीट पीटी उषा, संगीतकार और गायक इलैयाराजा, पटकथा लेखक वी विजयेंद्र प्रसाद गारू और समाजसेवी वीरेंद्र हेगड़े को राज्यसभा के लिए मनोनीत करने की अनुशंसा की है। राष्ट्रपति इन्हें मनोनीत करेंगे। PM नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर सभी को बधाई दी है। सभी का कार्यकाल 6 साल का होगा।

    प्रधानमंत्री ने पीटी उषा के लिए लिखा, “पीटी उषा जी हर भारतीय के लिए एक प्रेरणा हैं। खेलों में उनकी उपलब्धियों को व्यापक रूप से जाना जाता है, पिछले कई वर्षों में नवोदित एथलीटों का मार्गदर्शन करने के लिए उनका काम उतना ही सराहनीय है। उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर बधाई।”

    पीटी उषा के नाम हैं ये रिकॉर्ड


    पीटी उषा ने 1984 ओलंपिक खेलों में चौथा स्थान  हासिल किया था। इसके बाद से वो पूरे देश में लोकप्रिय हो गईं। 1986 के सिओल एशियाई खेलों में उन्होंने चार गोल्ड मेडल जीते थे। 400 मीटर की बाधा दौड़, 400 मीटर की रेस, 200 मीटर और 4 गुणा 400 की रेस में उषा ने स्वर्ण पदक जीते। 100 मीटर की रेस में वो दूसरे नंबर पर रहीं। 1983 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड दिया गया था। 1985 में उन्हें देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

    इन फिल्मों की कहानी लिख चुके विजयेंद्र प्रसाद गारू


    विजयेंद्र प्रसाद गारू बाहुबलि, आरआरआर, बजरंगी भाईजान, राउडी राठौड़, मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ झांसी और मार्शल जैसी फिल्मों की कहानी लिखी है। 2016 में बजरंगी भाईजान के  लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ कहानी  के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। इसके अलावा उन्होंने अर्धांगिनी, रांझणा और श्रीवल्ली जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है। 

    कौन हैं वीरेंद्र हेगड़े?
    वीरेंद्र हेगड़े धर्माधिकारी रत्नवर्मा हेगड़े के सबसे बड़े बेटे हैं। वे कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में स्थित श्री धर्मस्थल मंजुनाथ स्वामी मंदिर के अनुवांशिक ट्रस्टी हैं। जैन समुदाय से होने के बावजूद वीरेंद्र हेगड़े का परिवार कई हिंदू समुदाय के मंदिरों का बी ट्रस्टी है। वीरेंद्र हेगड़े दिगंबर जैन समुदाय से आते हैं। उनके तीन छोटे भाई- हर्षेंद्र, सुरेंद्र और राजेंद्र हैं। इसके अलावा उनकी एक बहन पद्मलता भी हैं। वीरेंद्र हेगड़े की पत्नी पद्मवती हेगड़े हैं। उनकी एक बेटी है, जिसका नाम श्रद्धा है। 

    कौन हैं इलैया राजा?
    इलैया  राजा तमिल फिल्मों के मशहूर संगीतकार हैं। उन्होंने अब तक 1400 फिल्मों के सात हजार गाने संगीतबद्ध किए हैं। तमिल के साथ-साथ तेलुगु फिल्मों में भी उन्होंने संगीत दिया है। इलैया राजा को पश्चिमी संगीत को दक्षिण भारतीय सिनेमा में मशहूर करने के लिए जाना जाता है। उन्होंने अबतक 20 हजार से ज्यादा लाइव कंसर्ट भी किए हैं। उन्हें भारतीय संगीत के सबसे महान संगीतकारों में से एक माना जाता है। 

    Share With Your Friends If you Loved it!