तुर्की, सीरिया, अफगानिस्तान, ताजिकिस्तान और चीन के बाद इंडोनेशिया के टोबेलो में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.3 है। भूकंप इंडोनेशिया में हलमहेरा द्वीप के उत्तर में लगभग 100 किमी की गहराई में था। भूकंप का केंद्र टोबेलो से 177 किमी उत्तर में बताया जा रहा है |
गुजरात में भी भूकंप आया :
गुजरात में देर रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। लोगों ने उन्हें अमरोली में महसूस किया। झटके तीव्र थे, रिक्टर पैमाने पर 3.4 के स्तर पर।
अफगानिस्तान में भी लगे थे तेज झटके
गुरुवार सुबह पूरे अफगानिस्तान और ताजिकिस्तान में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अफगानिस्तान में भूकंप 6:07 मिनट पर आया, और इसका उपकेंद्र फैजाबाद से 265 किमी दूर स्थित था। वहीं, ताजिकिस्तान में सुबह 6:07 बजे 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। इससे चीन में भी झटके लगे। चीन में भूकंप की तीव्रता 7.3 थी। हालांकि गनीमत रही कि जान का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।

तुर्की और सीरिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 47 हजार के पार
तुर्की और सीरिया में 6 फरवरी को आए भूकंप से मरने वालों की संख्या अब 47,000 तक पहुंच गई है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 15 लाख से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं। तुर्की और सीरिया में भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए भारत आगे आया है। भारत ने ऑपरेशन दोस्त के तहत राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की हैं।