• Fri. Sep 20th, 2024

    बहन से छेड़छाड़ का किया विरोध: वो चाकू से वार करते रहे लोग तमाशबीन बने रहे

    दिल्ली के पटेल नगर इलाके में बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर तीन लड़कों ने एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गए। किशोर ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस किशोर को सरदार पटेल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

    देर रात को ही पुलिस ने किशोर के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर दो नाबालिग लड़कों को दबोच लिया है। परिजनों का आरोप है कि तीसरा आरोपी बालिग हैं, लेकिन पुलिस जानबूझकर उसे नहीं पकड़ रही है। इससे नाराज परिजनों ने शनिवार सुबह पटेल नगर थाने का घेराव भी किया। पुलिस ने उन्हें बमुश्किल समझा-बुझाकर शांत कराया।

    शुक्रवार रात जब वह क्लास के बाद इंस्टीट्यूट से घर जाने के लिए निकाला तो घर से 50 मीटर पहले तीन लड़कों ने उसे घेर लिया। कहासुनी के बाद दो लड़कों ने चाकू निकालकर उसके पेट, कमर, गर्दन व शरीर के बाकी हिस्सों पर वार कर दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

    छानबीन के दौरान पता चला कि मृतक की बहन के साथ स्थानीय दो-तीन नाबालिग लड़के छेड़छाड़ करते थे। उसने दीपावली से दो दिन पहले इसका विरोध किया तो उनसे झगड़ा हो गया। नाबालिग ने एक लड़के को थप्पड़ भी मार दिया था। आरोपियों ने दीपावली के बाद इसका हिसाब-किताब करने की बात की थी। पुलिस ने मामला दर्ज करने के कुछ ही घंटों बाद दो नाबालिगों को पकड़ लिया। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

    स्थानीय लोगों ने इंसानियत को किया शर्मसार
    नाबालिग के साथ हुई पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपी बेरहमी से उस पर चाकू से हमला कर रहे हैं, लेकिन गली से गुजर रहे लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ा। न तो किसी ने उसे बचाने की कोशिश की और न ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। हद तो तब हो गई जब एक व्यक्ति नाबालिग के शरीर को लांघकर अपने घर में दाखिल हो गया।

    Share With Your Friends If you Loved it!