• Sat. Oct 5th, 2024

    China-Taiwan Conflict: जापान ने ताइवान में चीन के सैन्य अभ्यास पर जताई चिंता, कहा- ‘बातचीत के जरिए सुलझाए विवाद’

    टोक्यो, एजेंसी। China-Taiwan Conflict- अमेरिकी हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा को लेकर चीन बौखलाया हुआ है। चीन लगातार अमेरिका को नैंसी पेलोसी की यात्रा को लेकर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है। इस बीच जापान ने ताइवान के आसपास चीनी सैन्य अभ्यास को लेकर चिंता व्यक्त की है। जापान सरकार के एक शीर्ष प्रवक्ता हिरोकाजु मात्सुनो ने कहा कि ताइवान में शांति और स्थिरता न केवल जापान की सुरक्षा के लिए बल्कि दुनिया के लिए भी महत्वपूर्ण है।

    ‘बातचीत के जरिए सुलझाए ताइवान से संबंधित मुद्दे’

    हिरोकाजु मात्सुनो ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमें उम्मीद है कि ताइवान से संबंधित मुद्दों को बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाएगा, क्योकि ताइवान में शांति और स्थिरता न केवल जापान की सुरक्षा के लिए बल्कि दुनिया के लिए भी महत्वपूर्ण है।

    चीन के 21 सैन्य विमानों ने ताइवान में भरी थी उड़ान

    बता दें कि नैंसी पेलोसी मंगलवार को ताइवान की राजधानी ताइपे पहुंची। इसके बाद 21 चीनी सैन्य विमानों ने ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में उड़ान भरी। ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (MND) ने इसकी पुष्टि की है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 21 PLA विमानों ने 2 अगस्त 2022 को ताइवान के दक्षिण-पश्चिम ADIZ में प्रवेश किया था। इसके जवाब में ताइवान ने लड़ाकू विमान भेज रेडियो के जरिए चेतावनी दी।

    ताइवान ने की चीन के फैसले की आलोचना

    वहीं, पेलोसी के दौरे को लेकर चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने घोषणा की है कि वह ताइवान के आसपास के क्षेत्र में सैन्य अभ्यास करेगी, जो गुरुवार से रविवार तक होगी। चीन के अभ्यास की घोषणा के जवाब में ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में ताइवान के आसपास के क्षेत्र में सैन्य अभ्यास आयोजित करने की चीन की योजना ताइवान के प्रमुख बंदरगाहों और महानगरीय क्षेत्रों को खतरे में डालने का प्रयास है।

    Share With Your Friends If you Loved it!